बालों में रुसी की समस्या और निदान 

बालों को स्वस्थ रखने के लिए प्रोटीन युक्त भोजन बहुत लाभदायक है। दूध, पनीर,  ताजे फल,  हरी सब्जियां, सलाद गुणकारी हैं। इनमें से किसी की भी कमी होने पर बालों की अनेक समस्याएं होने लगती हैं उन्हीं में से एक है रूसी की समस्या। आइये तो आज जानते हैं रूसी होने के कारण एवं उनकी घरेलू चिकित्सा के बारे में।

dandruff problem in hair
dandruff-treatment

रूसी क्या है –

रूसी अधिकतर बालों की सही प्रकार से सफाई नही रखे जाने पर, साबुन के बालों में से सही तरीके से नहीं धुल पाने  पर हो जाती है। इस रोग में सिर पर सफेद रंग के छोटे-छोटे कण बन जाते हैं। सिर खुजलाते समय या कंघी करते समय यह कण अलग-अलग होकर पूरे बालों में फैलने लगती है। रूसी के कारण बहुत अधिक खुजली आती है। बार-बार लगातार खुजली करने पर सिर का वह हिस्सा गर्म हो जाता है। फलस्वरूप उस स्थान के बाल पतले, रूखे एवं कमजोर होकर झड़ने लगते हैं।

रूसी -एक रोग -

स्वस्थ बालों की सबसे बड़ी शत्रु होती है ‘रूसी’। रूसी न केवल बालों की जड़ों को कमजोर बनाती है बल्कि इससे त्वचा से सम्बन्धित रोग भी हो जाते हैं। हमारी त्वचा के अन्दर कोषों के टूटने और नवीनीकरण की प्रक्रिया हमेशा चलती रहती है। यह प्रक्रिया सिर की त्वचा में भी होती है और मृतकोष अपने आप झड़ जाते हैं। किंतु यदि यह मृतकोष बहुत अधिक मात्रा में बनने व झड़ने लगें तो यह एक रोग है। इसका उपचार करना आवश्यक है ।

रूसी दो प्रकार की होती है-

शुष्क – जो खुजलाते समय झड़ती है।
चिकनी- जो सिर पर चिपकी रहती है।

जब सिर में बहुत अधिक पपड़ी जम जाती है तो बालों की जड़ो में हवा नहीं पहुंच पाती और बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं।

रूसी के कारण –

बहुत अधिक मात्रा में रूसी होने का कारण सिर में गंदगी का होना, रक्त संचार में गड़बड़ी,  इन्फेक्शन,  असन्तुलित भोजन आदि हैं।

घरेलू चिकित्सा एवं बचाव 

यह एक छूत का रोग है, जिन लोगों को यह रोग है उनके कंघे, तौलिया,  तकिया आदि अलग रखने चाहिए। जब यह बीमारी अपनी चरम सीमा पर पहुंच जाती है तो चेहरे पर भौहों और बरौनियों में भी हो जाती है।

डेटोल-

नहाने के पानी में थोड़ा-सा डेटोल डालकर नहाने से इस प्रकार के छूत के रोग नहीं होते हैं।

खसखस -

चार चम्मच खसखस  दूध में पीस कर बालों की जड़ो में लगायें। आधे घंटे बाद सिर धोयें। धोने में शैम्पू या साबुन काम में ले सकते हैं। सप्ताह में दो बार इस तरह बाल धोयें। रूसी बालों से निकल जायेगी।

बेसन-

चार बड़े चम्मच बेसन एक बड़े गिलास पानी में घोलकर बालों पर मलें, फिर सिर धो लें। इससे रूसी दूर हो जायेगी।

अरहर की दाल -

रात को एक कप छिलके सहित अरहर की दाल पानी में भिगो दें। प्रातः इसे पीसकर सिर में लगा लें। आधा घंटे बाद सिर धो लें। फिर गीले बालों में ही कंघी करें। रूसी निकल जायेगी।

दही -

एक कप दही में नमक मिलाकर फेंट लें। इससे बालों को मलकर धोयें। रूसी दूर हो जायेगी।

आँवला-

5 चम्मच पिसे हुए आँवले को रात को आधे कप पानी में भिगो दें। प्रातः इस पानी से सिर धोयें। इससे रूसी की समस्या ठीक  हो जाती है।

चुकन्दर-

चुकन्दर के पत्तों को पानी में उबालकर सिर धोने से रूसी दूर हो जाती है। जुएं भी मर जाती हैं।

तिल -

बालों में तिल के तेल की मालिश करें। मालिश के आधे घंटे बाद एक तौलिया गर्म पानी में भिगोकर,  निचोड़कर सिर पर लपेट लें, ठण्डा होने पर पुनः गर्म पानी में निचोड़कर सिर पर लपेट लें। इस प्रकार पांच मिनट तक लपेट कर रखें, फिर ठंडे पानी से सिर धो लें। इससे रूसी दूर हो जायेगी।

रीठा -

रीठे से सिर धोने से भी बालों में रूसी की समस्या दूर हो जाती है।
धन्यवाद।

Post a Comment

और नया पुराने